चंडीगढ़: कारोबारी से 1.01 करोड़ रुपए की लूट मामले में 4 पुलिसकर्मियों पर आरोप तय
चंडीगढ़ की जिला अदालत ने बठिंडा के कारोबारी संजय गोयल से 1.01 करोड़ रुपए की लूट के मामले में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इन आरोपियों में सेक्टर-39 थाना के पूर्व एडिशनल एसएचओ नवीन फोगाट और कांस्टेबल वरिंदर, शिव कुमार और वरिंदर सिंह गिल शामिल हैं। सभी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365, 386, 420, 506, 120-बी, 389 और 364ए के तहत आरोप लगाए गए हैं।
यह मामला 4 अगस्त 2023 का है, जब कारोबारी संजय गोयल सेक्टर-40 मार्केट में 1.01 करोड़ रुपए की रकम बदलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान तीन आरोपियों ने उन्हें, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में था, जबरन पुलिस चौकी ले जाकर उनकी और उनके ड्राइवर की पिटाई की। आरोपियों ने गोयल को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और पैसे छीन लिए।
संजय गोयल ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान एक मर्सिडीज कार में कोई बड़ा अधिकारी मौके पर पहुंचा था, लेकिन वह गाड़ी से नहीं उतरा और मौके से चला गया। गोयल ने घटना के बाद अपने परिवार को पूरी घटना बताई और फिर मामले को एसएसपी कंवरदीप कौर के संज्ञान में लाया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ अदालत ने यह कदम उठाया और मामले की जांच अब आगे बढ़ रही है।