‘चल मेरा पुत्त 4’ को भारत में नहीं मिली रिलीज़ की अनुमति, पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी बनी वजह

अमरिंदर गिल के फैंस में निराशा, टीम ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया
1 अगस्त 2025 | चंडीगढ़
पंजाबी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘चल मेरा पुत्त 4’ आज दुनियाभर में रिलीज़ हो चुकी है, लेकिन भारत में इसके रिलीज पर रोक लगा दी गई है। फिल्म में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी के चलते भारतीय सेंसर बोर्ड ने इसे सर्टिफिकेट जारी नहीं किया, जिससे अमरिंदर गिल और फिल्म की टीम के फैंस नाराज़ हैं।
सेंसर बोर्ड ने नहीं दी मंजूरी
फिल्म में पाकिस्तानी हास्य कलाकार इफ्तिखार ठाकुर, अकरम उद्दास और नासिर चिन्योती जैसे कलाकार शामिल हैं। इन्हीं नामों को लेकर विवाद गहराया, और सेंसर बोर्ड ने फिल्म को भारत में रिलीज की अनुमति देने से इंकार कर दिया।
फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा:
“दुनियाभर में रिलीज़ हो रही है, लेकिन भारत में नहीं। हमने हर संभव कोशिश की… लेकिन कुछ चीजें हमारे नियंत्रण से बाहर होती हैं।”
“हमें समर्थन देने के लिए धन्यवाद। आपका प्यार हमारे लिए बहुत मायने रखता है।”
पहले भी हो चुका है ऐसा
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी के कारण किसी पंजाबी फिल्म को भारत में रिलीज नहीं होने दिया गया। इससे पहले दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ को भी पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की वजह से भारत में रिलीज की इजाज़त नहीं मिली थी।
गौरतलब है कि ‘चल मेरा पुत्त’ फ्रेंचाइज़ी के पहले तीन भाग सुपरहिट रहे हैं, खासकर प्रवासी पंजाबी समुदाय के बीच।
इफ्तिखार ठाकुर के विवादित बयान भी बने वजह
फिल्म में अभिनय कर रहे पाकिस्तानी कलाकार इफ्तिखार ठाकुर पहले भी विवादों में रह चुके हैं।
-
मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद उन्होंने भारत के खिलाफ बयान दिया था:
“अगर तुम हवा से आओगे तो बम गिरेंगे, समंदर से आओगे तो डुबो दिए जाओगे, और जमीन से आओगे तो दफन कर दिए जाओगे।”
-
उन्होंने यह भी कहा था कि भारत के पंजाब में उनकी कई फिल्में साइन थीं, लेकिन बायकॉट की धमकी के जवाब में उन्होंने कहा:
“आपका मुंह नहीं है बायकॉट करने का, बायकॉट तो हम करते हैं।”










