जालंधर में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, उद्योग मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने किया ध्वजारोहण
जालंधर, 15 अगस्त: पंजाब के जालंधर में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पंजाब के उद्योग मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इसके बाद मंत्री सौंध ने डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के साथ सरकारी वाहन में स्टेडियम का औपचारिक चक्कर लगाया।
समारोह के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों से आए छात्रों ने लोक गीतों और पंजाबी संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता भर दी। इस मौके पर शहर और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया गया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कार्यक्रम से एक दिन पहले ही सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया था। एडीजीपी (एनआरआई) आरके जसवाल, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर, वीआईपी एन्क्लोज़र, ऑडिटोरियम, परेड ग्राउंड, ऊंची इमारतों, पार्किंग एरिया और प्रवेश-निकास मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की थी।
इस अवसर पर आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिला और समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिससे कार्यक्रम का गौरव और भी बढ़ गया।