आकाश कुमार/जमशेदपुर. साल के दो महीने बनारस से जमशेदपुर आकर ठेले के कारोबार से लाखों में कमाई…! ऐसा सुनकर एकबारगी आपको यकीन नहीं होगा. बिजनेस का ऐसा अलहदा आइडिया हैरान कर देगा. लेकिन यह सच है. झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर के साकची इलाके में महादेव जूस सेंटर की कहानी कुछ ऐसी ही है. यहां गर्मी के दो महीनों के दौरान आपको स्वादिष्ट और लाजवाब आमरस पीने को मिलता है. इसकी कीमत 10 रुपए ग्लास है. जूस के इस ठेले पर प्रतिदिन 1000 से ज्यादा लोग आमरस पीने आते हैं. यानी रोजाना 10 हजार की आमदनी.
दरअसल, जमशेदपुर की प्रचंड गर्मी इस आमरस के कारोबार की अहम वजह है. गर्मी में शीतल पेय की डिमांड और बिक्री जोरों पर रहती है. ऐसे में आमरस मिल जाए, तो सोने पर सुहागा. इसी स्वादिष्ट और ठंडे आमरस के लिए लोग साकची स्थित महादेव जूस सेंटर पर आते हैं. इसके संचालक हैं विकास, जो मूल रूप से बनारस के रहने वाले हैं. जूस सेंटर संचालक विकास ने लोकल18 को बताया कि वे साल के दो महीने वाराणसी से जमशेदपुर आकर आमरस बनाते हैं. उनका यह जूस सेंटर सुबह 8 बजे से लेकर रात 10 बजे तक खुला रहता है.
हर दिन 1000 ग्लास की बिक्री
विकास ने बताया कि आमरस बनाने के लिए वे बैंगनपल्ली आम का इस्तेमाल करते हैं, जो काफी मीठा होता है. साथ ही इस आम में गूदा ज्यादा होता है, जबकि गुठली पतली होती है. इसलिए आमरस बनाने में इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है. विकास ने लोकल18 को बताया कि आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर दूध और चीनी की चासनी मिलाई जाती है. फिर बर्फ के साथ या उसके बगैर इसे परोसा जाता है. उन्होंने बताया कि एक ग्लास आमरस 10 रुपए में, जबकि एक लीटर की कीमत 50 रुपए है. विकास के मुताबिक कितने ग्राहक रोजाना आते हैं यह गिनती तो नहीं कर पाते, अलबत्ता एक हजार से ज्यादा ग्लास की बिक्री हो जाती है.
FIRST PUBLISHED : May 3, 2024, 13:26 IST










