हापुड़. पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाइवे-9 पर स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर जेसीबी ड्राइवर से टोल मंगाना टोल कर्मियों को महंगा पड़ गया. जेसीबी ड्राइवर ने जमकर उत्पात मचाया और कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की. सूचना के बाद पुलिस की टीम भी जेसीबी चालक के पीछे लग गई और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में जेसीबी चालक को दबोच लिया. इस दौरान पीछा कर रहे बाइक पर पुलिसकर्मियों को जेसीबी ड्राइवर ने रौंदने का प्रयास किया. बाइक और एक कार में भी तोड़फोड़ की. घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें बाइक सवार लोग और पुलिस जेसीबी ड्राइवर का पीछा कर रहे हैं. इसी दौरान आरोपी ड्राइवर ने सड़क पर जेसीबी रोककर बाइक में तोड़फोड़ की. इस दौरान ब्रजघाट चौकी इंचार्ज इंद्रकांत यादव और उनकी टीम पर भी जेसीबी ड्राइवर ने जेसीबी से हमला किया. गनीमत रही कि पुलिस टीम बाल-बाल बच गई.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीछा कर करीब 60 किलोमीटर दूर गढ़ मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में आरोपी को दबोच लिया. पुलिस ने जेसीबी को सीज कर दिया है और जेसीबी ड्राइवर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2024, 21:06 IST










