तमिलनाडु में बोले पंजाब CM भगवंत मान: “पंजाब में भी लागू होगी ब्रेकफास्ट स्कीम”, PM मोदी पर साधा निशाना

चेन्नई/पंजाब, 26 अगस्त 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों तमिलनाडु दौरे पर हैं, जहां मंगलवार को वह राज्य सरकार द्वारा शहरी प्राथमिक स्कूलों में चलाई जा रही ब्रेकफास्ट स्कीम के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के साथ मिलकर बच्चों को नाश्ता परोसा और खुद भी उनके साथ बैठकर भोजन किया।
ब्रेकफास्ट स्कीम पंजाब में भी होगी लागू
मुख्यमंत्री मान ने इस स्कीम की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना बच्चों के पोषण और शिक्षा को मजबूती देने वाली है। उन्होंने एलान किया कि पंजाब में भी यह स्कीम लागू की जाएगी, और इस पर जल्द ही कैबिनेट में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जब बच्चे पेट भरकर स्कूल आएंगे, तो उनका ध्यान पढ़ाई में ज्यादा लगेगा और शारीरिक व मानसिक विकास भी बेहतर होगा।
PM मोदी पर निशाना – “हर बात निकली जुमला”
कार्यक्रम के दौरान भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:
“आजकल नेशनल लेवल के नेता कुछ भी बोल देते हैं। लोग गालियां देते हैं। ‘अच्छे दिन आएंगे’—कब आएंगे, किसी को नहीं पता। उनके तो आ गए, लेकिन आम लोगों के नहीं।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “मोदी जी की हर बात जुमला निकली, चाय बनानी आती है भी क्या? देश धर्मगुरुओं के भाषणों से नहीं चलेगा, सच के रास्ते पर चलना होगा।”
पंजाब के विकास मॉडल की चर्चा
मुख्यमंत्री मान ने अपने राज्य में किए गए कामों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि अब तक पंजाब में 881 आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं और 200 और क्लीनिक खोलने की तैयारी है। इन क्लीनिकों से रोज़ाना करीब 70,000 लोग लाभान्वित हो रहे हैं और इलाज पूरी तरह मुफ्त है।
इसके अलावा, पंजाब के सरकारी स्कूलों की उपलब्धियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस साल:
-
805 छात्रों ने नीट पास किया
-
469 छात्रों ने जेईई क्लियर किया
-
44 छात्रों ने जेईई एडवांस भी पास किया










