पंजाब: AAP सरकार का आज कैबिनेट विस्तार, संजीव अरोड़ा बनेंगे मंत्री, दोपहर 1 बजे लेंगे शपथ
चंडीगढ़, 3 जुलाई: पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार आज गुरुवार को एक बार फिर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है। यह मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के तीन साल के कार्यकाल में सातवां मंत्रिमंडल विस्तार होगा। इस दौरान कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना भी जताई जा रही है।
लुधियाना वेस्ट से हाल ही में उपचुनाव जीतने वाले विधायक संजीव अरोड़ा का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें हाउसिंग या इंडस्ट्री विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। शपथग्रहण समारोह दोपहर 1 बजे चंडीगढ़ स्थित राजभवन में आयोजित होगा।
गौरतलब है कि अरोड़ा को पहले से ही मंत्री बनाए जाने की बात कही जा रही थी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा के चुनाव प्रचार के दौरान ऐलान किया था कि अगर जनता उन्हें विधायक बनाती है, तो पार्टी उन्हें मंत्री बनाएगी। जनता ने उन पर भरोसा जताया और अब वह सरकार में शामिल होने जा रहे हैं।
संजीव अरोड़ा ने 1 जुलाई को अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, ताकि वह राज्य सरकार में मंत्री पद संभाल सकें। पहले यह शपथ समारोह इसी सप्ताह आयोजित होना था, लेकिन उस समय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया उदयपुर दौरे पर थे। अब उनके चंडीगढ़ लौटने के बाद समारोह की तारीख तय हुई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अरोड़ा के अलावा किसी और नए चेहरे को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा या नहीं। बता दें कि पंजाब में मुख्यमंत्री समेत कुल 18 मंत्रियों की अनुमति है, और वर्तमान में कुछ स्थान खाली हैं।