पंजाब में 21 दिसंबर को होने वाले अमृतसर, जालंधर, फगवाड़ा, लुधियाना, पटियाला और नगर कौंसिल चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान चुनावी दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री मान 18 दिसंबर को अमृतसर, जालंधर और फगवाड़ा में चुनाव प्रचार करेंगे, इसके बाद वे अन्य जिलों में भी कार्पोरेशन चुनावों के लिए प्रचार करेंगे।
इससे पहले, आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने नगर निगम और नगर कौंसिल चुनावों की जिम्मेदारी संभाली हुई थी और उनके साथ पंजाब के सीनियर मंत्री और विधायक भी प्रचार में जुटे हुए हैं। अमन अरोड़ा ने इन शहरों के लिए 5-5 गारंटियां घोषित की हैं, जिनमें संबंधित शहरों की समस्याओं का समाधान करने का वादा किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान अब इन चुनावों में उतरकर विरोधियों पर हमला बोलेंगे और शहरों के लोगों को यह भरोसा देंगे कि आम आदमी पार्टी की गारंटियों को अगले 2 वर्षों में पूरा किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के पास 2 वर्षों का समय है, इस दौरान वे इन गारंटियों को लागू करने का लक्ष्य रखेंगे।
मुख्यमंत्री के इस चुनावी दौरे में ‘आप’ पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष शैरी कलसी भी उनके साथ रहेंगे।