पंजाब पुलिस ने 6 किलो हेरोइन बरामद की, पाकिस्तान के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
पंजाब में ड्रग माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके तार पाकिस्तान में बैठे तस्करों से जुड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशे की खेप भारत में भेजी जा रही थी, जिसे पंजाब में सप्लाई किया जा रहा था।
पंजाब पुलिस के DGP, गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के तहत राज्य को ड्रग-फ्री बनाने के लिए यह एक और बड़ी सफलता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
तरनतारण पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाथी सोहल गांव के निवासी हरदीप सिंह उर्फ दीप और हरजीत सिंह लंबे समय से हेरोइन तस्करी में लिप्त थे। इसके बाद पुलिस ने DSP रजिंदर मिन्हास और DSP गुरिंदरपाल सिंह नागरा के नेतृत्व में CIA स्टाफ की एक टीम बनाई और विशेष अभियान चला कर दोनों तस्करों को स्विफ्ट कार में हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
DGP गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान के तस्करों ‘बिल्ला’ और ‘शाह’ के संपर्क में थे, जो ड्रोन के जरिए हेरोइन पंजाब में गिरा रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य तस्करों तक पहुंचने के प्रयास में है।
फिरोजपुर रेंज के DIG, हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, डीलर और खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अब तक आरोपियों ने कितनी हेरोइन सप्लाई की है। SSP अभिमन्यु राणा ने बताया कि इस मामले में FIR नंबर 27, दिनांक 29 मार्च 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है।