पंजाब: फाजिल्का में 1 जून से शुरू हुई धान की बिजाई, नहरी पानी की कमी से किसान परेशान
फाजिल्का, 2 जून — पंजाब सरकार के नए आदेशों के तहत फाजिल्का जिले में 1 जून से धान की बिजाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह पहली बार है जब राज्य सरकार ने पारंपरिक तिथि 15 जून से पहले ही कुछ जिलों में धान की बुवाई की अनुमति दी है। इस फैसले के तहत फाजिल्का पहला राउंड जिलों में शामिल है।
बिजली सप्लाई है, लेकिन नहरी पानी की कमी
सरकार द्वारा सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक 8 घंटे बिजली की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन नहरी पानी की अनुपलब्धता से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि खेतों की सिंचाई के लिए केवल बिजली पर्याप्त नहीं है; नहरों में पानी नहीं होने से पानी की व्यवस्था करना चुनौती बन गया है।
हाइब्रिड धान पर पाबंदी, बासमती की ओर झुकाव
इस बार हाइब्रिड धान की खेती पर सरकार ने रोक लगा दी है, जिससे किसानों का झुकाव बासमती धान की ओर तेजी से बढ़ा है। खासकर फाजिल्का और आस-पास के जिलों में, जहां जमीनी पानी की गुणवत्ता खराब है, वहां किसान पहले अधिकतर हाइब्रिड धान की खेती करते थे। अब वे बासमती धान को एक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
किसानों की तैयारियां जोरों पर
धान की बिजाई के लिए खेत तैयार किए जा रहे हैं और पनीरी को भी संभालकर रखा जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में नहरी पानी की स्थिति में भी सुधार होगा, जिससे सिंचाई व्यवस्था कुछ हद तक बेहतर हो सकेगी।