पंजाब में ऐतिहासिक समारोहों की तैयारियाँ जोरों पर, आधुनिक तकनीक और जनता की राय से होंगे आयोजन तय

पंजाब में ऐतिहासिक समारोहों की तैयारियाँ जोरों पर, आधुनिक तकनीक और जनता की राय से होंगे आयोजन तय

विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़:
पंजाब में श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी और अमृतसर साहिब की 450वीं स्थापना के अवसर पर भव्य और ऐतिहासिक समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जाएगा, जिससे यह समागम वैश्विक स्तर पर देखे और सराहे जा सकें।

यह जानकारी आज पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने से पहले लोगों, धार्मिक संस्थाओं और एसजीपीसी से सुझाव लिए जाएंगे ताकि आयोजन व्यापक सहभागिता और लोकभावनाओं के अनुरूप हो सकें।

पूरी दुनिया में होंगे समागम

संधवां ने कहा कि ये प्रोग्राम सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि दुनियाभर में आयोजित किए जाएंगे ताकि गुरु साहब की शिक्षाओं और पंजाब की विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रचारित किया जा सके। इसके लिए तकनीक की मदद से वर्चुअल समागम, डिजिटल प्रदर्शनी और ऑनलाइन सहभागिता जैसे माध्यमों का इस्तेमाल होगा।

विशेष सत्र और सुझाव यात्रा

स्पीकर ने कहा कि आयोजन से पहले पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया जाएगा। इसके साथ ही वह खुद विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों और धार्मिक नेताओं से सुझाव लेंगे। उन्होंने कहा कि जहां-जहां गुरु साहब गए थे, वहां विशेष रूप से जाकर सुझाव लिए जाएंगे।

राजनीतिक राय पर खुला रुख नहीं

जब स्पीकर संधवां से पूछा गया कि क्या राजनीतिक पार्टियों से भी सुझाव लिए जाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका फोकस धार्मिक संस्थाओं और आम लोगों से राय लेने पर है। उन्होंने कहा कि वह प्रतिदिन विभिन्न संस्थाओं से मिलकर सुझाव एकत्र करेंगे।

आम जनता की भागीदारी को मिलेगा महत्व

समारोहों की अंतिम रूपरेखा लोगों के सुझावों के बाद तय होगी। इसके माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आयोजन सिर्फ प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसहभागिता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनें।

यह आयोजन न केवल पंजाब, बल्कि पूरे भारत और विश्वभर में बसे सिख समुदाय के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें