पंजाब में जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश: ISI को सैन्य सूचनाएं भेजने वाला युवक गिरफ्तार, ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी लीक करने का आरोप

तरनतारन, 3 जून 2025:
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और तरनतारन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी संवेदनशील सैन्य जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भेजने के आरोप में तरनतारन निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान मोहल्ला रोडूपुर, गली नजर सिंह वाली के गगनदीप सिंह उर्फ गगन के रूप में हुई है।
पांच साल से ISI के संपर्क में था आरोपी
डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गगनदीप सिंह पिछले पांच वर्षों से पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था। चावला ने ही उसे पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से मिलवाया था। इसके बाद गगन भारत में सेना की गतिविधियों, सैनिकों की तैनाती और रणनीतिक ठिकानों की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को भेजने लगा।
क्या मिला आरोपी के पास से:
-
एक मोबाइल फोन, जिसमें भारत की सैन्य गतिविधियों से जुड़ी खुफिया सूचनाएं थीं
-
ISI से जुड़े 20 से अधिक संपर्कों की जानकारी
-
भारत से पाकिस्तान भेजी गई रकम और लेन-देन से जुड़े साक्ष्य










