पंजाब में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ा, कई जिलों में स्कूल बंद, हाई अलर्ट जारी

पंजाब में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ा, कई जिलों में स्कूल बंद, हाई अलर्ट जारी

रणजीत सागर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद से रावी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। - Dainik Bhaskar

26 अगस्त, पंजाब: पंजाब में भारी बारिश और पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के चलते बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई मूसलधार बारिश का प्रभाव अब पंजाब में भी साफ दिखाई दे रहा है। रणजीत सागर डैम और भाखड़ा डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे पानी छोड़ना पड़ रहा है।

रणजीत सागर डैम से छोड़े गए पानी के कारण रावी नदी उफान पर है, जिससे पठानकोट में हालात गंभीर हो गए हैं। गुरदासपुर जिले के मकोड़ा पत्तन के सात गांवों का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से कट गया है।

इधर, भाखड़ा डैम से छोड़े गए पानी का असर सतलुज नदी में देखा जा रहा है। सतलुज का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों में हरिके हैड वर्क्स से छोड़े गए पानी के कारण निचले इलाकों में पानी भरने लगा है।

बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर के अलावा अमृतसर के अजनाला व रईया ब्लॉक के स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं, फाजिल्का के बाढ़ प्रभावित 20 गांवों के स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने पंजाब के 9 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज (26 अगस्त) पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Comment

और पढ़ें