पंजाब में मानसून की वापसी शुरू, 20 सितंबर तक पूरी तरह लौटेगा | कई जिलों में बारिश की संभावना

चंडीगढ़: पंजाब से मानसून अब धीरे-धीरे विदाई ले रहा है और मौसम विभाग के अनुसार 20 सितंबर तक यह पूरी तरह से राज्य से लौट जाएगा। हालांकि, जाते-जाते मानसून पंजाब के सेंट्रल हिस्सों से गुजरेगा, जिससे राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इससे मौसम में ठंडक घुलेगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
आज यानी 16 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके अलावा 17 और 18 सितंबर को अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली, रूपनगर और गुरदासपुर जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भी रहेगी बारिश की संभावना:
तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
लुधियाना में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने भारी बारिश या किसी तूफान की संभावना से इनकार किया है।
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को देखते हुए फसलों की देखरेख करें और खेतों में जरूरी प्रबंध पहले से कर लें, ताकि बारिश से फसलों को किसी तरह का नुकसान न हो।
नदियों का जलस्तर घटा
राज्य में पहाड़ों में बारिश कम होने के कारण नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है। इससे बाढ़ का खतरा टलता नजर आ रहा है और हालात सामान्य होने लगे हैं।
प्रमुख शहरों का मौसम
-
अमृतसर: अधिकतम तापमान 34.8°C, हल्की बारिश की संभावना। अब तक 651.9 MM बारिश दर्ज।
-
जालंधर: अधिकतम तापमान 33°C, हल्की बारिश संभव। अब तक 902.7 MM बारिश दर्ज।
-
लुधियाना: अधिकतम तापमान 37.6°C, कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का अलर्ट। अब तक 798.2 MM बारिश दर्ज।










