पंजाब में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, फरीदकोट में राज्य स्तरीय समागम आयोजित

पंजाब में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, फरीदकोट में राज्य स्तरीय समागम आयोजित

फरीदकोट में कार्यक्रम को संबोधित करते CM भगवंत मान। - Dainik Bhaskar

फरीदकोट, 15 अगस्त: पंजाब सरकार का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री मान ने अपने भाषण में देश की आज़ादी में पंजाब के योगदान को याद करते हुए कहा, “देश की आज़ादी में 80 प्रतिशत कुर्बानियां पंजाब की धरती ने दी हैं। यहां लाशों से भरी रेलगाड़ियां पहुंचती थीं। यह आज़ादी हमें बहुत महंगी पड़ी है।” उन्होंने आगे कहा कि वह अंतिम सांस तक राज्य में भाईचारा और एकता बनाए रखने के लिए कार्य करते रहेंगे।

समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद में नमन के साथ हुई। इसके बाद वे मुख्य कार्यक्रम में पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जो पंजाब की सांस्कृतिक विरासत और सरकारी योजनाओं को दर्शा रही थीं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 26 हस्तियों, पुलिस मुलाजिमों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 4 पुलिस कर्मियों को “मुख्यमंत्री रक्षक पदक” और 15 अधिकारियों व कर्मचारियों को “मुख्यमंत्री मेडल” से नवाज़ा गया।

पूरे समारोह के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे और आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Comment

और पढ़ें