पजाबी फिल्म ‘चल मेरा पुत्त 4’ की भारत में रिलीज अटकी, पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी बनी बाधा

पंजाबी सिनेमा को एक और बड़ा झटका लगा है। बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘चल मेरा पुत्त 4’, जिसे 1 अगस्त 2025 को रिलीज किया जाना था, को अब तक भारत में रिलीज की अनुमति नहीं मिल पाई है। फिल्म में पंजाबी सुपरस्टार अमरिंदर गिल मुख्य भूमिका में हैं। लेकिन फिल्म में पाकिस्तानी हास्य कलाकारों की मौजूदगी इसकी भारत में रिलीज के रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन गई है।
विदेशों में रिलीज तय, भारत में असमंजस
फिल्म के निर्माता फिल्म को विदेशों में निर्धारित तारीख पर रिलीज करने की तैयारी में हैं। लेकिन जब तक भारतीय सेंसर बोर्ड से प्रमाणन नहीं मिलता, तब तक देश में इसके प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। इसका मतलब यह है कि देश के दर्शक इस लोकप्रिय फ्रेंचाइज़ी की अगली कड़ी को सिनेमाघरों में नहीं देख पाएंगे।
पहले भी विवादों में घिर चुकी हैं फिल्में
यह पहला मामला नहीं है जब किसी पंजाबी फिल्म को पाकिस्तानी कलाकारों के कारण रोक का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ को भी रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी, क्योंकि उसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर थीं।
‘पहलगाम हमले’ के बाद कलाकार का विवादित बयान
फिल्म की रिलीज पर विवाद तब और बढ़ गया जब फिल्म में अभिनय करने वाले पाकिस्तानी हास्य कलाकार इफ्तिखार ठाकुर ने भारत विरोधी बयान दिए। मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद उन्होंने कहा था:
“अगर तुम हवा से आओगे तो बम गिरेंगे, समंदर से आओगे तो डुबो दिए जाओगे, और जमीन से आओगे तो दफन कर दिए जाओगे।”
इस बयान ने देशभर में नाराजगी पैदा कर दी और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इसकी कड़ी आलोचना हुई।
पंजाबी सिनेमा को बताया निर्भर
इतना ही नहीं, ठाकुर ने बाद में यह भी दावा किया कि पंजाबी फिल्मों की सफलता पाकिस्तानी कलाकारों पर निर्भर है। उनके अनुसार:
“हमारे कलाकारों के बिना 9 फिल्में बनाई गईं, एक भी नहीं चली। पंजाबी इंडस्ट्री की 300 से 350 करोड़ रुपये की इन्वेस्टमेंट हमारे कलाकारों पर है।”










