पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह छोटेपुर को अमेरिका यात्रा से रोका गया, पासपोर्ट जब्त – एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन विभाग की कार्रवाई से उठे कई सवाल
नई दिल्ली/जालंधर, 1 मई 2025 – पंजाब के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ राजनीतिक नेता सुच्चा सिंह छोटेपुर को अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वापस लौटना पड़ा। अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया, जिससे वे लॉस एंजेलिस में एक पारिवारिक शादी में शामिल नहीं हो सके। छोटेपुर इस घटना को ‘बेहद दुखद और अपमानजनक’ बता रहे हैं।
क्या हुआ एयरपोर्ट पर?
छोटेपुर 28-29 अप्रैल की रात को कतर एयरवेज की फ्लाइट से अमेरिका जाने वाले थे। वह टूरिस्ट वीजा पर यात्रा कर रहे थे और उनके अनुसार, सभी दस्तावेज सही और पूरे थे। इसके बावजूद इमिग्रेशन विभाग ने उन्हें रोककर पूछताछ की और यात्रा की अनुमति नहीं दी।
उन्होंने बताया कि कोई भी स्पष्ट कारण नहीं बताया गया, सिर्फ इतना कहा गया कि पासपोर्ट का “misuse” हुआ है, जबकि छोटेपुर का दावा है कि उनका पासपोर्ट कभी खोया नहीं, न ही किसी को दिया गया।
छोटेपुर बोले – “कानूनी कार्रवाई पर विचार करूंगा”
छोटेपुर ने कहा, “मैं इस व्यवहार से स्तब्ध हूं। अगर मेरे दस्तावेज पूरे थे और कोई केस लंबित नहीं है, तो मुझे रोका क्यों गया?” उन्होंने आगे कहा कि वे अब पासपोर्ट कार्यालय जाएंगे और पूरे मामले की जानकारी लेकर जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई करेंगे।
पासपोर्ट 10-15 दिन में जालंधर पहुंचेगा
इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि पासपोर्ट 10 से 15 दिन में जालंधर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) भेज दिया जाएगा, जहां से उन्हें पूरी जानकारी मिल सकेगी। छोटेपुर ने बताया कि उन्होंने 2019 में पासपोर्ट रिन्यू कराया था और उसके बाद उन्होंने कोविड के चलते कोई अंतरराष्ट्रीय यात्रा नहीं की थी।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
सुच्चा सिंह छोटेपुर पंजाब सरकार में मंत्री रह चुके हैं और 2014 के लोकसभा चुनाव में गुरदासपुर से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें 1.80 लाख वोट मिले थे। वह विनोद खन्ना और प्रताप बाजवा के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे।