फाजिल्का में पुलिस एनकाउंटर: होटल संचालक से 5 करोड़ की फिरौती मांगने वाले दो शूटर घायल
फाजिल्का (पंजाब): पंजाब के फाजिल्का जिले में पुलिस ने फिरौती मांगने और फायरिंग करने वाले दो आरोपियों का एनकाउंटर किया है। यह मुठभेड़ लाधुका के नजदीक हुई, जिसमें दोनों शूटरों के पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फाजिल्का के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गुरमीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ये दोनों आरोपी एक निजी होटल संचालक से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांग रहे थे। उन्होंने 28 अगस्त की रात होटल के बाहर पहली बार फायरिंग की थी। इसके बाद 31 अगस्त को दोबारा फायरिंग की गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
एसएसपी के अनुसार, लगातार फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। जब यह दोनों शूटर एक बार फिर घटना को अंजाम देने की मंशा से आ रहे थे, लाधुका के पास पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। मौके से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
आरोपी पेशेवर शूटर, गिरोह की जांच जारी
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी पेशेवर शूटर हैं और अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि फिरौती मांगने के पीछे उनका असली मकसद क्या था – क्या यह संगठित अपराध से जुड़ा मामला है, या किसी गैंग के इशारे पर काम किया जा रहा था।
पुलिस ने कहा – कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
फाजिल्का पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। SSP गुरमीत सिंह ने कहा, “ऐसे लोगों के लिए पंजाब में कोई जगह नहीं है। पुलिस हर ऐसी हरकत का मुंहतोड़ जवाब देगी।”