भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो का मुकाबला आज, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा वनडे

भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो का मुकाबला आज, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा वनडे

प्रैक्टिस के दौरान मुल्लांपुर स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी। - Dainik Bhaskar

मुल्लांपुर, 17 सितंबर — भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलेगी। मुकाबला महाराजा यादविंद्र इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेला जाएगा। सीरीज में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है, और अगर वह यह मैच जीत जाती है, तो सीरीज पर कब्जा कर लेगी


लगातार हार के दबाव में टीम इंडिया

भारतीय महिला टीम 2021 से अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक भी वनडे नहीं जीत पाई है और पिछले 8 मुकाबलों में लगातार हार का सामना कर चुकी है। रविवार को खेले गए पहले मैच में भी टीम को हार झेलनी पड़ी थी, जिससे आज के मुकाबले में टीम पर बेहद दबाव है।


दीप्ती शर्मा ने टीम का किया बचाव

टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि,

“हमारी टीम में सभी खिलाड़ी बेहतरीन फील्डर हैं। कभी-कभी दिन खराब हो सकता है। रविवार को जो कैच छूटे, वे सामान्य तौर पर शानदार कैच पकड़ती हैं। इसके अलावा हमने कई मुश्किल कैच भी पकड़े।”

दीप्ती ने यह भी बताया कि पहले वनडे में चार स्पिनर्स के साथ उतरने का फैसला टीम मीटिंग का हिस्सा था। उन्होंने कहा,

“गेंदबाजों ने विकेट लेने की पूरी कोशिश की, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हमें यकीन है कि बुधवार को हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”


रेणुका और अमनजोत फिट, टीम को मिलेगा फायदा

दीप्ती शर्मा ने यह भी जानकारी दी कि तेज गेंदबाज रेणुका सिंह और ऑलराउंडर अमनजोत कौर पूरी तरह फिट हैं और नेट प्रैक्टिस में हिस्सा ले रही हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की वापसी से टीम की गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


सियासी सवालों से बनाई दूरी

भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच के दौरान सूर्यकुमार यादव द्वारा पाकिस्तानी कप्तान से हाथ मिलाने के विवाद पर जब दीप्ती से सवाल किया गया, तो उन्होंने जवाब देने से बचते हुए कहा कि वे केवल टीम की जीत पर फोकस कर रही हैं।


क्या वापसी कर पाएगी टीम इंडिया?

अब देखना होगा कि भारतीय टीम आज के मुकाबले में हार की इस लंबी कड़ी को तोड़ पाती है या नहीं। सीरीज बचाने के लिए भारत को हर हाल में आज का मैच जीतना होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें