मानसिक अस्पताल पहुंचने के लिए नहीं है कोई सीधी बस सेवा, पटना से हो सकती है शुरुआत, जानें अपडेट

गौरव सिंह/भोजपुर : बिहार का एकमात्र मानसिक स्वास्थ्य एवं विज्ञान संस्थान भोजपुर जिला के कोईलवर में स्थित है. यहां पूरे बिहार से इलाज के लिए मानसिक रोगी पहुंचते हैं. यहां आने वाले मरीजों और परिजनों की परेशानी को दूर करने के लिएराजधानी पटना से सीधी बस सेवा शुरू करने की कवायद चल रही है.

इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न संगठन के स्तर से प्रयास शुरू हो चुका है. हालांकि यह सेवा लोकसभा चुनाव के बाद से शुरू हो सकता है. लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होने के पहले केंद्रीय मंत्री आरके सिंह को लिखित आवेदन भी दिया गया था. मानसिक आरोग्यशाला के निदेशक जयेश रंजन भी निरीक्षण और अन्य कार्यक्रमों में आने वाले जनप्रतिनिधियों के समक्ष बस सेवा के लिए बात रख चुके है.

जल्द शुरू हो सकता है पटना से कोईलवर के लिए सीधी बस सेवा
मानसिक आरोग्यशाला के निदेशक जयेश रंजन ने बताया कि अभी तक मानसिक आरोग्यशाला के लिए पटना से सीधी बस सेवा शुरू नहीं की गई है. बस सेवा आरोग्यशाला के लिए सीधे बहाल होने से राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले मानसिक रोगियों को सहूलियत होगी.

बस सेवा शुरू होने से ट्रेन के बाद मरीजों के लिए एक और विकल्प हो जाएगा. उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग से भी इस पर बात की जा रही है. पटना से बिहटा तक सरकारी बस सेवा चालू है. यदि कोइलवर तक विस्तारित कर दिया जाए तो मानसिक मरीजों और उनको परिजनों को काफी सहूलियत होगी. यहां बिहार के अलावा अन्य राज्यों से भी मानसिक मरीज पहुंचते हैं.

सीधी बस सेवा नहीं रहने से मरीज से लेकर परिजनों को होती है परेशानी
बता दें कि इस मानसिक आरोग्यशाला में दूसरे राज्यों के मानसिक मरीज भी इलाज कराने आते है. पटना के रास्ते हीं बिहार के विभिन्न जिलों से यहां मरीज पहुंचते हैं. पटना से मरीजों को लाने या ले जाने में उनकी मानसिक अवस्था के कारण परिजनों को परेशानी होती है और खतरा भी रहता है. मरीज व उनके परिजन दो से 3 गाड़ियां बदलकर मानसिक आरोग्यशाला पहुंचते हैं. आरा से 17 किलोमीटर और राजधानी पटना से लगभग 42 किलोमीटर दूर मानसिक आरोग्यशाला पहुंचने के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं होने से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. वहीं कोइलवर में रुकने वाली ट्रेनों की संख्या भी काफी कम है.

Tags: Bihar News, Local18, PATNA NEWS

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें