मोगा जिले में नाले से बरामद हुआ नवजात बच्ची का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
पंजाब के मोगा जिले के गांव सिंघा वाला में एक नाले से दो दिन की नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ है। शव को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बच्ची का शव पानी में फूला हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और मोगा के सरकारी अस्पताल में रखवा दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची के माता-पिता कौन हैं। इसके अलावा, गांव की सभी गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार की जा रही है, ताकि बच्ची के परिवार का पता चल सके और मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
जांच अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि थाना चंडिक में इस मामले का केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है, ताकि अपराधियों को पकड़कर कानून के हिसाब से सजा दिलाई जा सके।