लुधियाना में AAP विधायक गुरप्रीत सिंह बस्सी गोगी का निधन, अंतिम अरदास और सहज पाठ में नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पंजाब के लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरप्रीत सिंह बस्सी गोगी का 11 जनवरी को निधन हो गया। उनके परिवार के अनुसार, गोगी पिस्टल साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। गंभीर रूप से घायल गोगी को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मृत्यु हो गई।
आज गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा माडल टाउन एक्सटेंशन में उनकी अंतिम अरदास और सहज पाठ का भोग आयोजित किया गया। इस भोग में विशेष रूप से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर, आम आदमी पार्टी के विधायक, प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा, और विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने भाग लिया। अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा भी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे, साथ ही विपक्ष और अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने भी गोगी को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने कहा कि वह गोगी के भोग में शामिल होकर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती हैं और भगवान से परिवार को दुख सहन करने की शक्ति की प्रार्थना करती हैं।
विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने गोगी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह हमेशा लुधियाना और अपने हलके की सेवा के लिए तैयार रहते थे। गोगी का सपना बुड्ढा दरिया को साफ करने का था, जिसे पूरा किया जाएगा।
प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने गोगी को एक खुशदिल और दिलेर नेता बताया और कहा कि उनकी मृत्यु केवल उनके परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का घाटा है। गोगी के सपनों को पूरा करने के लिए सभी विधायक मिलकर काम करेंगे।