लुधियाना में ऊन के गोदाम में भीषण आग, दादी-पोते की दर्दनाक मौत
लुधियाना | 25 सितंबर 2025: पंजाब के लुधियाना में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दादी और पोते की जान चली गई। तीन मंजिला कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर बने ऊन के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, और जैसे ही चिंगारी ऊन पर गिरी, आग ने पूरे ग्राउंड फ्लोर को चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में धुएं का गुबार भर गया। इस बीच घर के चार सदस्य पास-पड़ोस की छतों से कूदकर जान बचाने में कामयाब रहे। लेकिन हादसे के दौरान परिवार की 77 वर्षीय पैरालाइज बुजुर्ग सुधा रानी और उनका 17 वर्षीय पोता गर्व चोपड़ा घर के अंदर ही फंसे रह गए।
धुएं की घनी परत और तेज गर्मी के कारण दोनों को ढूंढना मुश्किल हो गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पड़ोसियों और राहत दल ने पहली मंजिल की खिड़की का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। जब दोनों को बाहर लाया गया, उस समय उनकी सांसें चल रही थीं। लेकिन अफसोस, अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
गर्व के बारे में पार्षद रुचि गुलाटी ने जानकारी दी कि वह 12वीं पास कर चुका था और एनिमेशन डिजाइनर बनने का सपना देख रहा था। वह फिलहाल एक एनीमेशन कोर्स कर रहा था और इसी 30 अक्टूबर को 18 साल का होने वाला था। उसकी बड़ी बहन निधाशी, जो कनाडा में रहती है, शुक्रवार को भारत पहुंचेगी। इसके बाद दादी और पोते का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और फायर ब्रिगेड की ओर से आग के कारणों की पुष्टि के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।