लुधियाना में ‘ऑपरेशन सतर्क’: आतंकी धमकी के बाद रातभर चला पुलिस का सुरक्षा अभियान
लुधियाना, 12 अप्रैल – आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के बाद लुधियाना में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। शुक्रवार रात जिला पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत शहरभर में बड़े पैमाने पर नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान शहर के 12 प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए गए।
रात 4 बजे तक चला सघन तलाशी अभियान यह अभियान शुक्रवार रात शुरू हुआ और शनिवार सुबह 4 बजे तक जारी रहा। इस दौरान खासतौर पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। हर आने-जाने वाले वाहन को रोका गया और उसके चालक तथा सवारों की तलाशी ली गई। खुद पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा भी सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लेते नजर आए।
पन्नू की धमकी के बाद अलर्ट मोड में पुलिस गौरतलब है कि आतंकवादी पन्नू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर लुधियाना में विस्फोट और दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखे जाने की धमकी दी थी। इस इनपुट के बाद पूरे पंजाब, विशेषकर लुधियाना में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
ADGP एएस राय ने संभाली कमान ADGP (यातायात) एएस राय ने पुलिस कमिश्नर के साथ मिलकर ऑपरेशन की निगरानी की। लुधियाना रेलवे स्टेशन के पास मीडिया को संबोधित करते हुए राय ने कहा, “किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में पूरे राज्य में चेकिंग जारी है।”
बरामद हुई चोरी की स्कॉर्पियो इस ऑपरेशन के दौरान स्नेचिंग की गई एक स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा जल्द ही प्रेस नोट जारी करेंगे। अभियान में कुल 240 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे। हर वाहन को स्कैनर से चेक किया गया और संदिग्धों की पहचान की गई।
सख्ती और सतर्कता का मिला संदेश ‘ऑपरेशन सतर्क’ के माध्यम से लुधियाना पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी आतंकी मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। आम जनता से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।