लुधियाना में महिला टीचर के साथ मारपीट, चुन्नी से गला दबाने की कोशिश और बिना नोटिस नौकरी से निकाले जाने का आरोप

लुधियाना में महिला टीचर के साथ मारपीट, चुन्नी से गला दबाने की कोशिश और बिना नोटिस नौकरी से निकाले जाने का आरोप

लुधियाना के हलवारा स्थित एक निजी स्कूल में महिला टीचर के साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटना सामने आई है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसे बिना किसी नोटिस के नौकरी से निकाला गया और फिर उसके साथ स्कूल में शारीरिक हमले किए गए। पुलिस ने एक हफ्ते बाद मामले की जांच करते हुए स्कूल प्रधान, प्रिंसिपल और एक टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घटना 24 दिसंबर को सुखमनी साहिब के पाठ के दौरान हुई। पीड़िता, सिमरनजीत कौर, जो गांव टूसा की रहने वाली है, ने बताया कि वह स्कूल में मार्च से सितंबर तक पढ़ा चुकी थी, लेकिन 22 सितंबर को प्रिंसिपल मनजीत कौर ने उसे बिना कारण बताए नौकरी से निकाल दिया। जब उसने इसके कारण के बारे में पूछा, तो प्रिंसिपल ने कहा कि उसके हाथ पर टैटू बना हुआ है, जिसके कारण बच्चों के परिजनों को आपत्ति थी।

हालांकि, जब उसने उन परिजनों से मिलने का आग्रह किया, तो प्रिंसिपल ने कहा कि जब स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग होगी, तब उसे बुलाया जाएगा। 24 दिसंबर को जब स्कूल में सुखमनी साहिब का पाठ हो रहा था और बच्चे व उनके परिजन मौजूद थे, तब पीड़िता अपनी सहेली के साथ स्कूल आई थी।

पीड़िता ने बताया कि पाठ के बाद, जब उसकी सहेली फोन पर बात करने बाहर गई, तो पीछे से उसे टीचर रूपिंदरजीत कौर और अन्य स्कूल स्टाफ द्वारा चुन्नी से घसीटते हुए स्कूल के एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद, उसकी मारपीट की गई। जब पीड़िता ने शोर मचाया, तो उसकी सहेली मौके पर पहुंची और स्कूल चेयरमैन को फोन करके बुलाया, जिन्होंने उसे छुड़वाया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है, हालांकि वे अभी फरार हैं। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तीन दिन पहले, सीटू जत्थेबंदी ने पीड़िता के हक में थाना सुधार का घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

Leave a Comment

और पढ़ें