जितेन्द्र बेनीवाल/फरीदाबाद. 18वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव (Lok Sabha Election 2024) में मतदान के लिए उम्रदराज मतदाताओं में भी काफी उत्साह है. हरियाणा में 25 मई को छठे चरण में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं. इस बीच निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों के सर्वाधिक बुजुर्ग मतदाताओं की सूची जारी की है. इस लिस्ट में वे लोग शामिल हैं, जिन्होंने 100 साल की उम्र पार कर ली है. ऐसे मतदाताओं को शतकवीर कहा जा रहा है. फरीदाबाद-पलवल लोकसभा सीट पर ऐसे पांच वोटर हैं. इनमें सेक्टर 8 में रहने वाली 110 साल की चन्द्री देवी और फतेहपुर ताजा गांव की 105 साल की शीला देवी भी शामिल हैं.
105 साल की शीला देवी ने Local18 को बताया कि आज तक जितने भी चुनाव हुए है, वह सबमें वोट डालने जाती रही हैं. उन्होंने बताया कि जब उनकी शादी हुई थी, तब पहली बार वोट डाला था. पुराने जमाने को याद करते हुए शीला देवी कहती हैं कि उस जमाने में वोट डालने जाती थी, तो उत्सव का माहौल होता था. हम महिलाएं नाचते-गाते वोट डालने जाती थीं, लेकिन अब वह माहौल नहीं रहा.
वोट फ्रॉम होम की सुविधा
लोकल18 से बातचीत करते हुए शीला देवी के पोते अमित ने कहा कि उनकी दादी अक्सर पुराने जमाने के समय हुए चुनावों की रोचक बातें बताती हैं. चुनाव को त्योहार की तरह मनाए जाने, उत्साह के साथ मतदान करने के किस्से खूब सुनाती हैं. अमित ने चुनाव आयोग की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार चुनाव आयोग ने बुजुर्गों को सम्मान देने की बात कही है, जो अच्छी बात है. अबकी बार बुजुर्ग उम्मीदवारों को घर पर ही मतदान करने की सुविधा मिलेगी, उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, यह घरवालों के लिए काफी अच्छा है. पहली बार देखेंगे कि घर पर वोट कैसे डाला जाता है.
.
Tags: 2024 Lok Sabha Elections, Election commission, Faridabad News, Local18, Palwal news
FIRST PUBLISHED : April 24, 2024, 19:29 IST










