शुभमन गिल ने मोहाली अस्पताल को डोनेट किए 35 लाख रुपये के चिकित्सा उपकरण

शुभमन गिल ने मोहाली अस्पताल को डोनेट किए 35 लाख रुपये के चिकित्सा उपकरण

भारतीय क्रिकेटर और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आईपीएल 2025 में व्यस्त होने के बावजूद समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार योगदान दे रहे हैं। हाल ही में, उन्होंने मोहाली के जिला अस्पताल को लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण डोनेट किए हैं। इन उपकरणों में वेंटिलेटर, सीरिंज पंप, ओटी टेबल, सीलिंग लाइट्स, आईसीयू बेड और एक्स-रे सिस्टम शामिल हैं। शुभमन गिल ने यह डोनेशन अपने करीबी रिश्तेदार डॉ. कुशलदीप के माध्यम से अस्पताल भेजा है।

इस योगदान पर सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने शुभमन गिल के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम अस्पताल की मरीजों की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुभमन भविष्य में भी अस्पताल के लिए समर्थन प्रदान करते रहेंगे।

शुभमन गिल का मोहाली से गहरा संबंध है। हालांकि उनका मूल गांव फाजिल्का जिले के जैमल सिंह वाला है, लेकिन क्रिकेट की शुरुआत उन्होंने मोहाली में की थी और वहीं से क्रिकेट की बारीकियां सीखी थीं। उनकी पढ़ाई भी मोहाली के फेज-10 में स्थित एक निजी स्कूल में हुई थी। इस समय, वे मोहाली के नए सेक्टर में एक आलीशान घर बना रहे हैं और उनके मित्र व जानकार भी वहीं रहते हैं।

इसके अलावा, शुभमन गिल को पंजाब निर्वाचन आयोग ने स्टेट आइकन के रूप में नियुक्त किया था, जहां उन्होंने चुनाव आयोग की पहल पर युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का अहम काम किया। उनके संदेशों वाले वीडियो पूरे पंजाब में जागरूकता वैन के माध्यम से प्रसारित किए गए, जो वोट प्रतिशत सुधारने में मददगार साबित हुए।

Leave a Comment

और पढ़ें