समय रैना के कॉमेडी शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ में विवाद, एफआईआर दर्ज
स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना का यूट्यूब पर स्ट्रीम होने वाला कॉमेडी शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ कानूनी पचड़े में फंसता हुआ नजर आ रहा है। शो की एक कंटेस्टेंट, जेसी नबाम, द्वारा अरुणाचल प्रदेश के खाने को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर एफआईआर दर्ज की गई है।
यह विवाद ‘मेंबर ओनली’ एपिसोड के दौरान सामने आया, जब समय रैना ने जेसी से पूछा था कि क्या उन्होंने कभी कुत्ते का मीट खाया है। इसके जवाब में जेसी ने कहा, “अरुणाचल प्रदेश के लोग कुत्ते का मीट खाते हैं, लेकिन मैंने कभी इसका स्वाद नहीं चखा है। मुझे यह पता है क्योंकि मेरे दोस्त खाते हैं। वे कभी-कभी अपने पालतू जानवरों को भी खा लेते हैं।” इस बयान के बाद शो के अन्य जज, बलराज घई, ने इसे मजाक बताया, लेकिन जेसी ने इसे सच बताते हुए अपनी बात जारी रखी।
एफआईआर में अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले के निवासी अरमान राम वेली बखा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने ईटानगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें कहा गया कि जेसी की टिप्पणी से अरुणाचल प्रदेश के लोगों की मानहानि हुई है और इस पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
‘इंडिया गॉट लेटेंट’ शो अपनी डार्क कॉमेडी और कंटेस्टेंट की हरकतों के लिए लोकप्रिय है, और औसतन हर एपिसोड को 20 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिलते हैं। शो में समय रैना और बलराज घई को छोड़कर हर एपिसोड में जज बदलते रहते हैं, और कंटेस्टेंट को 90 सेकेंड का समय दिया जाता है ताकि वे अपना टैलेंट दिखा सकें।
यह मामला अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है और शो की टीम पर दबाव बढ़ता दिख रहा है।