भागलपुर. अब रेलवे स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं है. रेलवे ने गंदगी फैलाने वालों के लिए एक नयी व्यवस्था लागू कर दी है. अगर आप अब रेलवे स्टेशन पर गंदगी फैलाते पकड़े गए तो आपसे जुर्माना तो वसूला ही जाएगा. साथ ही आपकी तस्वीर पोस्टर के जरिए सार्वजनिक कर दी जाएगी. इससे आप हंसी के पात्र बन जाएंगे और आपकी खूब फजीहत भी होगी.
यात्री पूरे स्टेशन पर गंदगी फैलाते हैं. ये गंदगी पॉलीथिन बैग, प्लास्टिक के सामान से लेकर गुटखे तक हर प्रकार की है. ऐसे यात्रियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई का निर्देश मालदा डिवीजन के डीआरएम विकास चौबे ने दिया है.
छप जाएंगे पोस्टर
मालदा डिवीजन के डीआरएम विकास चौबे ने बताया यात्री स्टेशन के प्लेटफार्म पर गंदगी कर देते हैं. इससे अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में हम लोगों ने एक तरकीब निकाली. जो भी गंदगी फैलाते पकड़े जाते हैं कहीं पर पेशाब करते, गुटखा खाकर थूकते, या डस्टबिन के बजाए अन्य जगह पर कूड़ा फेंकते पकड़े गए तो जुर्माना वसूला जाएगा. अगर इसके बावजूद यात्री नहीं मानते हैं तो उनके फोटो खींचकर पोस्टर सार्वजनिक जगहों पर चिपका दिए जाएंगे. बड़े-बड़े अक्षरों में यात्री का नाम भी लिख दिया जाएगा. इसके बाद जब तक यात्री गंदगी नहीं फैलाने की शपथ नहीं ले लेगा तब तक उसकी फोटो पोस्टर से नहीं हटाई जाएगी.
एक दिन में वसूले 25 हजार रुपए
रेलवे ने भागलपुर स्टेशन पर गंदगी फैलाने पर एक ही दिन में 113 यात्रियों से करीब 25000 रुपए जुर्माना वसूला. इनसे ₹200 से लेकर ₹500 रुपए तक जुर्माना लिया जाता है. खासकर गंदगी फैलाने वालों पर सीसीटीवी से भी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है.
.
Tags: Bhagalpur news, Indian Railways, Irctc, Local18
FIRST PUBLISHED : May 2, 2024, 16:58 IST










