सुखबीर बादल का इस्तीफा मंजूर, शिरोमणि अकाली दल में 25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की वर्किंग कमेटी की बैठक में सुखबीर सिंह बादल का प्रधान पद से इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। बैठक पार्टी के वर्किंग प्रधान बलविंदर सिंह भूंदड़ की अगुवाई में हुई, जिसमें सुखबीर बादल भी मौजूद थे।
सुखबीर बादल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने पांच साल तक अपनी निष्ठा से अकाली दल की सेवा की है और अब जब उनका कार्यकाल पूरा हो गया है, तो उन्होंने श्री अकाल तख्त पर जाकर इस्तीफा देने की इच्छा जताई थी, जिसे पहले मंजूर नहीं किया गया।
बैठक में शिरोमणि अकाली दल की सदस्यता अभियान की योजना भी सामने आई, जिसमें 20 जनवरी से 20 फरवरी तक 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के लिए विभिन्न नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा, 1 मार्च को प्रधान पद के चुनाव की घोषणा की गई है, और इस चुनाव के लिए गुलजार सिंह राणिके को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सुखबीर बादल का इस्तीफा और नए सदस्य बनाने के अभियान के बाद शिअद पार्टी नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की योजना बना रही है।