स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब में विरोध की आहट, पुलिस कार्रवाई पर विपक्ष का हमला

फरीदकोट/बठिंडा, 14 अगस्त 2025 — पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फरीदकोट में तिरंगा फहराने जा रहे हैं, लेकिन इससे पहले राज्य में विरोध की लहर उठने लगी है। शिक्षकों की विभिन्न यूनियनों द्वारा प्रदर्शन की आशंका के चलते पंजाब पुलिस ने करीब 36 घंटे पहले ही यूनियन नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी है।
इस कदम को लेकर सरकार को विपक्ष और सामाजिक संगठनों से तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
बठिंडा में महिला शिक्षक नेता के घर छापेमारी
बठिंडा में बीएड-टीईटी पास यूनियन की नेता वीरपाल कौर सिद्धाणा के घर पर आज सुबह पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, लेकिन वीरपाल ने पुलिस से कहा कि वह अपनी सरकारी ड्यूटी पर स्कूल जा रही हैं और ऐसे में उन्हें हिरासत में नहीं लिया जा सकता। तीखी बहस के बाद वह स्कूल चली गईं।
यूनियन नेताओं की गिरफ्तारी पर विरोध
बीएड-टीईटी पास टीचर यूनियन के स्टेट प्रेसिडेंट जसवंत घुबाया ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि पुलिस उनके साथियों को देर रात घरों से उठाकर ले गई।
सिप्पी शर्मा का भावुक वीडियो: “कई आए, कई गए”
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मुंह बोली बहन सिप्पी शर्मा ने एक वीडियो जारी कर इस कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने कहा:
“हम 646 बेरोजगार पीटीआई शिक्षकों की ओर से यह संदेश देना चाहते हैं कि आपने हमें झूठी गारंटी दी। अब जब हम आपसे अपना हक मांग रहे हैं तो हमारे साथियों को रात के अंधेरे में घरों से उठा लिया जा रहा है।”
सिप्पी ने आरोप लगाया कि 646 पीटीआई शिक्षकों की मेरिट लिस्ट होते हुए भी सरकार उसे सार्वजनिक नहीं कर रही और जो आवाज उठाते हैं, उन्हें दबाया जा रहा है।
राजा वड़िंग का सरकार पर हमला
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि:
“जो सरकार शिक्षकों से डरती है, वह अपने झूठे वादों की पोल खुद खोल रही है। स्वतंत्रता दिवस पर लोकतांत्रिक विरोध का गला घोंटने की यह कोशिश निंदनीय है।”










