हरियाणा की रेसलर विनेश फोगाट बनीं मां, बेटे को जन्म दिया
दिल्ली: हरियाणा की प्रसिद्ध रेसलर और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट मां बन गई हैं। उन्होंने मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। विनेश को सोमवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विनेश के ससुर राजपाल राठी ने बताया कि विनेश की डिलीवरी ऑपरेशन के जरिए हुई है और फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। परिवार और दोस्तों के लिए यह खुशी का पल है, और पूरे परिवार ने इस खुशखबरी को उत्साह और गर्व के साथ स्वीकार किया है।
प्रेग्नेंसी की घोषणा
विनेश ने 6 मार्च 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए की थी। उन्होंने अपने पति सोमवीर राठी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था, “ऑवर लव स्टोरी कंटिन्यू विद न्यू चैप्टर (एक नए अध्याय के साथ हमारी प्रेम कहानी जारी है)।” इस पोस्ट में उन्होंने अपने बच्चे के पैरों के निशान और प्यार का प्रतीक भी शेयर किया था, जो उनकी खुशियों का प्रतीक बन गया।
विनेश फोगाट की लव स्टोरी
विनेश फोगाट मूल रूप से चरखी दादरी के गांव बलाली की रहने वाली हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह 17 साल की थीं, तब उन्हें पहली बार प्यार हुआ। यह प्यार जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के बख्ता खेड़ा के पहलवान सोमवीर राठी से था।
विनेश ने बताया कि सोमवीर ने ही अपनी लव स्टोरी को आगे बढ़ाने की पहल की थी। वह कहती हैं, “सोमवीर ने अपने कुछ दोस्तों की मदद से मेरा मोबाइल नंबर हासिल किया। हालांकि, वह नंबर गलत था, क्योंकि वह मेरा नहीं, बल्कि मेरी मां का था।”
अब विनेश और सोमवीर की यह प्रेम कहानी एक नई खुशियों के अध्याय में बदल गई है, क्योंकि वे अब अपने पहले बच्चे के साथ इस जीवन के नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं।