हिमाचल विधानसभा में गूंजा पोंग डैम का मुद्दा, CM सुक्खू बोले– “पानी भी हमारा, नुकसान भी हमारा”

हिमाचल विधानसभा में गूंजा पोंग डैम का मुद्दा, CM सुक्खू बोले– “पानी भी हमारा, नुकसान भी हमारा”

हिमाचल विधानसभा में वक्तव्य देते हुए सीएम सुक्खू - Dainik Bhaskar

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पोंग डैम से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से हर साल करोड़ों रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस मुद्दे पर विधानसभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ऊर्जा निदेशालय ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के खिलाफ संसारपुर टैरेस में एफआईआर दर्ज करवाई है और भविष्य में भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

सीएम सुक्खू ने आरोप लगाया कि बार-बार आग्रह के बावजूद BBMB प्रबंधन डैम सिक्योरिटी के सभी उपायों का पालन नहीं कर रहा। उन्होंने कहा,
“पानी भी हमारा और सबसे अधिक विस्थापित भी हम ही हुए, फिर भी हमें हमारा हक नहीं दिया जा रहा।”

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपने हक की लड़ाई लड़ रही है और यह मामला सितंबर में सूचीबद्ध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार लंबे समय से BBMB के पास लंबित 4200 करोड़ रुपये के एरियर का मामला उठाती रही है, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही।

उन्होंने याद दिलाया कि BBMB की तीन प्रमुख परियोजनाओं से हिमाचल की बिजली और पानी व्यवस्था जुड़ी हुई है। लेकिन इन प्रोजेक्ट्स के निर्माण से हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा और जमीनें गईं, बावजूद इसके प्रभावितों को आज तक राहत नहीं मिल पाई है।

बरसात के दिनों में पोंग डैम से छोड़े गए पानी से प्रदेश को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी भरपाई BBMB को करनी चाहिए, लेकिन पड़ोसी राज्य लगातार अड़चनें पैदा कर रहे हैं।

सुक्खू ने यह भी कहा कि देश स्तर पर बनी नेशनल डैम सिक्योरिटी कमेटी की गाइडलाइंस का पालन नहीं किया जा रहा, जबकि ऊर्जा निदेशालय लगातार इस मुद्दे को BBMB के सामने उठाता आ रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें