होशियारपुर के हाजीपुर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी तीन जिंदगियां
हाजीपुर, होशियारपुर | 16 अप्रैल 2025: पंजाब के होशियारपुर जिले के हाजीपुर इलाके में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों में दो भाई-बहन और उनका चाचा शामिल हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अमृतसर रेफर किया गया है।
गोलगप्पे खाकर लौट रहे थे घर मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 10 बजे हुआ जब बाल्मीकि कॉलोनी निवासी आकाश अपने 4 वर्षीय भतीजे समीर और 3 वर्षीय भतीजी परी को एक्टिवा पर बैठाकर बाजार से गोलगप्पे खिलाकर वापस लौट रहा था। रास्ते में मोहल्ले के पास आकाश ने एक्टिवा रोककर अपने परिचित गोरा से बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान तलवाड़ा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने चारों को कुचल दिया।
मौके पर मची चीख-पुकार हादसे में परी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समीर और आकाश को गंभीर हालत में दसूहा अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में आकाश ने दम तोड़ दिया, और समीर ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी जान गंवा दी। वहीं, गोरा की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे अमृतसर के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
ट्रक चालक हिरासत में, जांच जारी घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक को मौके से हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
शोक में डूबा मोहल्ला हादसे के बाद बाल्मीकि कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।